पीलीभीत। बीएसए अमित कुमार सिंह ने परिषदीय विद्यालयों के समस्त स्टाफ से विभागीय निर्देशों के तहत शिक्षण कार्य सुनिश्चित करने को कहा है।
बीएसए ने सोमवार को विकासखंड पूरनपुर के शिक्षकों को जूम मीटिंग के माध्यम से निर्देशित करते हुए कहा कि निपुण लक्ष्य एप का जिन विद्यालयों में प्रयोग शून्य है, वहां से स्पष्टीकरण लिए जा रहे हैं। इसलिए असुविधा से बचने के लिए निपुण लक्ष्य एप का प्रयोग अवश्य करते रहें। उन्होंने कहा कि राज्य परियोजना कार्यालय से उपलब्ध शिक्षक संदर्शिका, गणित किट, विज्ञान किट, कार्य पुस्तिकाओं का नियमित कूप से इस्तेमाल करें।
उन्होंने कहा कि को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन और नोडल शिक्षकों द्वारा इसका अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल रेडिनेस फेज वन का कार्यक्रम पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में मिला है। इसे निर्धारित समय में पूरा करना है। उन्होंने कायाकल्प योजना में कराए गए कार्यों की देखभाल करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी जर्जर भवन में बच्चों को कदापि न बैठाया जाए।

