बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के वजीरगंज क्षेत्र में तैनात एक महिला शिक्षिका का प्रेम-प्रसंग इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां तीन बच्चों की मां शिक्षिका अपने पति और परिवार को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई। मामला सामने आने के बाद पति ने थाने में शिकायत दी। वहीं, शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए शिक्षिका को निलंबित कर दिया। फिर कई दिन बाद शिक्षिका जब वापस लौट आई तो इस पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की व्यापक चर्चाओं का शोर शुरू हो गया है।
बताया जाता है कि वजीरगंज ब्लाक क्षेत्र के एक प्राथमिक स्कूल में तैनात महिला शिक्षिका का काफी समय से एक युवक से संपर्क था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं। फिर कुछ दिनों पहले शिक्षिका अचानक गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका जब कोई पता नहीं चला तो परिवार के लोगों को शक हुआ। पति ने रिश्तेदारों और परिचितों से पता किया और मामले की शिकायत पुलिस से की। पूरा मामला थाने पहुंचते ही इलाके में चर्चा फैल गई। गांव की चौपालों से लेकर बाजार तक लोग इसी घटना की चर्चा करते नजर आए। परिवार के लोग भी इस घटनाक्रम से बेहद परेशान बताए जा रहे हैं।
बीएसए ने शिक्षिका को किया निलंबित
उधर, मामला जब शिक्षा विभाग तक पहुंचा तो अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया और बिना सूचना ड्यूटी से गायब रहने और अनुशासनहीनता मानते हुए बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं, विभागीय कार्रवाई के बाद मामला और सुर्खियों में आ गया है। अब कहा जा रहा है कि निलंबन की जानकारी मिलने के बाद शिक्षिका वापस लौट आई और विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर बहाली की कोशिश में जुटी हुई है। हालांकि, विभागीय स्तर पर मामले की जांच जारी है।
मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना
फिलहाल शिक्षिका द्वारा स्पष्टीकरण और जांच में पूरे मामले की सच्चाई क्या निकलकर सामने आए यह तो पूरी जांच और कार्रवाई के बाद ही साफ हो पाएगा, लेकिन पूरे इलाके में यह मामला स्कूल से लेकर गांवों तक तरह-तरह की चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है।

