Primary Ka Master Latest Updates👇

Saturday, May 9, 2026

आज से दो पालियों में प्रवक्ता भर्ती परीक्षा

 आज से दो पालियों में प्रवक्ता भर्ती परीक्षा

प्रयागराज। सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता संवर्ग के 18 विषयों के 624 पदों के लिए लिखित परीक्षा शनिवार और रविवार को कराई जाएगी। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से प्रतिदिन दो पालियों सुबह 9:30 से 11:30 बजे और 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें कुल 4,64,605 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने 17 जनपदों के 319 परीक्षा केंद्रों की तैयारियों की गहन समीक्षा की।


उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संबंधी तैयारियां पूर्ण कर ली गईं हैं। परीक्षा केंद्रों के सभी कक्षों एवं महत्वपूर्ण स्थलों को एआई आधारित सीसीटीवी कैमरों से कवर करते हुए जिला कंट्रोल रूम तथा चयन आयोग के अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से जोड़ा गया है।


अध्यक्ष ने साफ किया है कि संदिग्ध व असामाजिक तत्वों पर सख्ती से नजर रखने के लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। नकल कराने अथवा परीक्षा की शुचिता को


प्रभावित करने वालों के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत कठोरतम कार्यवाही की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के द्वारा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रानिक डिवाइस मोबाइल फोन आदि का प्रयोग कठोरता से प्रतिबंधित होगा। ऐसे अभ्यर्थियों को एआई की मदद से चिन्हित किया गया है जिन्होंने ऑनलाइन आवेदन में एक नाम का प्रयोग करते हुए एक से अधिक आवेदन किए हैं और इन सभी आवेदनों में भिन्न-भिन्न फोटो लगाई गई है अथवा एक ही फोटो के साथ अनेक नामों से आवेदन किया गया है। ऐसे संदिग्ध परीक्षार्थियों की विशेष रूप से निगरानी की जा रही है।




प्रत्येक जनपद में एक-एक प्रेक्षक की तैनाती




आयोग की ओर से परीक्षा के सघन अनुश्रवण के लिए प्रत्येक जनपद में एक-एक प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं निगरानी टीमें लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करेंगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी तथा पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वाले व्यक्तियों एवं नकल माफियाओं के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने वाले अनुचित साधनों के प्रयोग पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।




लखनऊ मंडल के 10 केंद्रों पर ओएमआर स्कैनिंग


पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से लखनऊ मंडल के दस परीक्षा केंद्रों पर पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक पाली की परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद अभ्यर्थियों के ओएमआर उत्तर पत्रकों की स्कैनिंग परीक्षा कक्ष में ही कक्ष निरीक्षकों एवं परीक्षार्थियों की उपस्थिति में की जाएगी। स्कैन डाटा को तत्काल सुरक्षित किया जाएगा, जिसकी आवश्यकता पड़ने पर मूल ओएमआर से मिलान किया जा सकेगा। इस प्रक्रिया के सफल होने पर इसे आयोग की आगामी सभी परीक्षाओं में लागू किया जाएगा। आयोग अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से किसी भी अफवाह अथवा भ्रामक सूचना से बचने तथा आयोग की वेबसाइट यूपीईएसएससी एवं आधिकारिक एक्स हैंडल पर उपलब्ध सूचनाओं पर ही भरोसा करने को कहा है।

आज से दो पालियों में प्रवक्ता भर्ती परीक्षा Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link