प्रधानाध्यापिका से कमीशन मांगने पर बीईओ को नोटिस
प्रयागराज। विद्यालय के मरम्मत कार्य के लिए जारी चार लाख 62 हजार रुपये का 20 फीसदी कमीशन नहीं देने पर कन्नौज जिले के प्रधानाध्यापिका को परेशान करने का मामला सामने आया है। अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) कामता राम पाल ने कन्नौज जिले के विकास खंड सौरिख के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) विश्वनाथ पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
पिपरिया प्राथमिक विद्यालय प्रधानाध्यापिका कल्पना पाल ने 24 अप्रैल 2026 को दिसंबर-2025 में उनके विद्यालय के मरम्मत कार्य के लिए 4,62,796 रुपये की धनराशि प्राप्त हुई थी। इसमें 20 फीसदी कमीशन खंड शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ पाठक मांगने लगे। मना करने पर 25 मार्च 2026 को उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और कहा कि मैडम रुपये नहीं देंगी तो आपको ऐसे ही परेशान किया जाएगा।
इसके तीन महीने बाद उन्होंने बाल्य देखभाल अवकाश के लिए आवेदन किया, जिसे बीईओ ने चार बार निरस्त कर दिया गया। 22 अप्रैल को बीएसए ने विद्यालय का निरीक्षण किया। उनके अवकाश पर होने के बावजूद भी निलंबित करने की धमकी दी। अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) कामता राम ने बताया कि स्पष्टीकरण मिलने के बाद बीएसए और बीईओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

