परिषदीय विद्यालयों में बढ़ रही सीखने की गुणवत्ता : संदीप
लखनऊ।बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा है कि प्रदेश में निपुण भारत मिशन के सकारात्मक परिणाम दिखने लगे हैं। इस मिशन के तहत बच्चों में आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मक दक्षता विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि शुरुआती कक्षाओं से ही उनकी शैक्षिक नींव मजबूत हो सके।
शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी विषयक लीडरशिप कॉन्क्लेव में उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा विकसित समाज की सबसे बड़ी ताकत है और सरकार हर बच्चे तक आधुनिक, समावेशी व प्रभावी शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। हजारों स्कूलों में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं, जिससे बच्चों की सीखने की क्षमता और तकनीकी समझ बढ़ रही है। निपुण भारत मिशन के तहत भाषा और गणित की पढ़ाई को सरल, रुचिकर और नवाचार आधारित बनाया जा रहा है, ताकि बच्चे पढ़ने, लिखने और गणना में दक्ष बन सकें।

