आंगनबाड़ी केंद्रों पर एलईडी से बदलेगी पढ़ाई
प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की पढ़ाई का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। किताबों और तख्ती की जगह अब एलईडी टीवी के माध्यम से डिजिटल पढ़ाई कराई जाएगी। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की इस नई पहल से बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा दी जाएगी।
रुहेली ब्लॉक के 209 केंद्रों पर डिजिटल शिक्षण
अमेठी जनपद के रुहेली ब्लॉक के 209 आंगनबाड़ी केंद्रों पर डिजिटल माध्यम से शिक्षण सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। इन केंद्रों में 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के हजारों बच्चे पंजीकृत हैं। पहले चरण में 35 सक्षम केंद्रों का चयन किया गया है, जहां बुनियादी सुविधाएं जैसे बिजली, पानी और भवन पहले से उपलब्ध हैं।
एलईडी टीवी से पढ़ाई, सीसीटीवी से निगरानी
इन केंद्रों पर एलईडी टीवी के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे, जिससे बच्चों की उपस्थिति, गतिविधियों और केंद्र संचालन की निगरानी की जा सकेगी। चयनित केंद्रों पर तकनीकी मानकों के अनुरूप एलईडी टीवी, साउंड सिस्टम और अन्य डिजिटल उपकरण लगाए जाएंगे।
बच्चों में बढ़ेगी सीखने की रुचि
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि डिजिटल माध्यम से पढ़ाई होने से बच्चों में सीखने की रुचि और सहभागिता दोनों बढ़ेंगी। ऑडियो-वीडियो सामग्री के जरिए बच्चे अक्षर, अंक, रंग और आकृतियों को आसानी से समझ सकेंगे। इससे बच्चों का बौद्धिक विकास तेज होगा और उनकी भाषा व अभिव्यक्ति क्षमता भी सशक्त बनेगी।
भविष्य में अन्य केंद्र भी होंगे शामिल
फिलहाल जिले के 165 आंगनबाड़ी केंद्र ऐसे हैं, जो आवश्यक मानकों पर खरे नहीं उतरते। विभाग का प्रयास है कि इन केंद्रों में भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर भविष्य में इस योजना से जोड़ा जाए।
डिजिटल आंगनबाड़ी योजना को बाल शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है।

