Primary Ka Master Latest Updates👇

Tuesday, February 10, 2026

छात्राओं से छेड़खानी में प्रधानाध्यापक बंदी

छात्राओं से छेड़खानी में प्रधानाध्यापक बंदी

वाराणसी। पिसौर क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाली तीन छात्राओं से छेड़खानी करने के आरोप में प्रधानाध्यापक की सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों ने पिटाई कर दी। घटना के बाद आरोपी शिक्षक के खुद को एक कमरे में बंद कर लेने से आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय का घेराव कर दिया। सूचना मिलने पर डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एसडीएम सदर नितिन सिंह समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी शिक्षक को शिवपुर थाने पहुंचाया। वहां एक छात्रा की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। उधर, मामले की जानकारी मिलते ही बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने प्रधानाध्यापक पदमाकर सिंह को निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और आरोप साबित होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


छात्राओं के परिजनों के अनुसार शनिवार को स्कूल से घर लौटने के बाद छात्राओं को अचानक सीने में दर्द होने लगा। पूछताछ करने पर उन्होंने आपबीती सुनाई। छात्राओं ने बताया कि प्रधानाध्यापक पिछले 12 दिनों से उनके साथ गलत हरकत कर रहा था। विरोध करने पर वह उन्हें डराता-धमकाता था और स्कूल से नाम काटने की धमकी देता था। इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को विद्यालय खुलते ही प्रधानाध्यापक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान विद्यालय में तैनात अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौके से भाग खड़े हुए। अपनी जान बचाने के लिए आरोपी शिक्षक ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण कमरे के बाहर हंगामा करने लगे। इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के पहुंचने पर आरोपी को थाने ले जाया गया।

थाने ले जाने के दौरान भीड़ ने दौड़ाया

शिवपुर, संवाददाता। छात्राओं के साथ छेड़खानी के आरोपी प्रधानाध्यापक को पुलिस जब कमरे से बाहर निकाल कर थाने ले जाने लगी। इस बीच परिजन और ग्रामीणों ने उसे दौड़ा लिया, लेकिन पुलिस ने आरोपी को सुरक्षित निकालकर वाहन में बैठाकर थाने ले आई। घटना से ग्रामीण इतने नाराज थे कि वह शिक्षक को सबक सिखाने के लिए जूते-चप्पल की माला पहनाना चाहते थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी प्रधानाध्यापक छात्राओं को गंदे वीडियो भी दिखाता था। विरोध करने पर वह उन्हें डराता और धमकाता था।


छात्राओं से छेड़खानी में प्रधानाध्यापक बंदी Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link