शिक्षकों को ऐच्छिक तबादले के लिए मिलेंगे 30 विकल्प
राज्य सरकार शिक्षकों को तबादले के लिए 30 विकल्प देगी। उनका पदस्थापन इन्हीं विकल्पों में से कहीं होगा। यही नहीं पहली बार शिक्षकों के तबादले में मेरिट को भी आधार बनाया जाएगा।
राज्य सरकार ने शिक्षकों के तबादले की नीति को अंतिम रूप दे दिया है। शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी कर ली है। अब इस पर कैबिनेट की मुहर लगनी है। माना जा रहा है कि अगली कैबिनेट बैठक में इस पर मुहर लग जाएगी।
कैबिनेट की स्वीकृति के बाद तबादले की नीति के आधार पर शीघ्र शिक्षकों का तबादला किया जाएगा।
मनचाहा विद्यालय चयन करने का मौका, मेरिट भी बनेगा पोस्टिंग का आधार
सरकार की योजना जुलाई में हर हाल में शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया पूरी कर लेने की योजना है।
ताकि सरकारी विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि तबादला नीति तैयार है। हम चाहते हैं कि शिक्षक बगैर किसी तनाव के रहें ताकि अध्यापन कार्यों को बेहतर ढंग से निष्पादित कर सकें। वे बच्चों को अच्छे से पढाए, हमारा यही लक्ष्य है।

