15 हजार रुपये मानदेय पर माध्यमिक स्कूलों में 3402 वोकेशनल ट्रेनर रखे जाएंगे
लखनऊ, । राजकीय व आशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक स्कूलों में वोकेशनल प्रशिक्षक रखे जाएंगे। यूपी के 1701 राजकीय व एडेड स्कूलों में दो-दो प्रशिक्षक कुल 3402 आउटसोर्सिंग कंपनियों की मदद से रखे जाएंगे। इन्हें 15-15 हजार मासिक मानदेय दिया जाएगा।
शैक्षिक सत्र 2026-27 से 731 राजकीय माध्यमिक स्कूलों व 970 एडेड माध्यमिक स्कूलों में दो-दो ट्रेड में व्यावसायिक शिक्षा की पढ़ाई शुरू होगी। श्रेणी-एक कक्षा नौ में दोनों ट्रेडों में कम से कम 25 छात्रों का प्रवेश दिया जाएगा। इनको पढ़ाने के लिए विभिन्न ट्रेड के दो-दो प्रशिक्षक रखे जाएंगे। ये रोजाना एक घंटा छात्रों को प्रशिक्षण देंगे। सप्ताह में छह घंटे वोकेशनल कोर्स की पढ़ाई अनिवार्य होगी। रिटेल, आईटी, टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी, एग्रीकल्चर और मैनेजमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप एंड प्रोफेशनल स्किल इत्यादि सेक्टर में ऑफिस असिस्टेंट, डाटा इंट्री ऑपरेटर, माइक्रोफाइनेंस एग्जीक्यूटिव व रिटेल स्टोर ऑपरेसंस असिस्टेंट जैसे पदों पर नौकरियां मिलेंगी।
उद्योग भ्रमण भी होगा
माध्यमिक स्कूलों में छात्रों के लिए एक शैक्षिक सत्र में तीन विशेष अतिथि व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे। उन्हें इसकी मदद से संबंधित ट्रेड की बारीकियां और अवसर विशेषज्ञ बताएंगे। उद्योगों का भ्रमण भी कराया जाएगा, जिससे वह प्रयोगात्मक ज्ञान हासिल कर सकें। माध्यमिक शिक्षा विभाग इसके लिए विद्यालयों को अलग से बजट देगा।

