हड़ताल से सितंबर में आठ दिन बंद रहेंगे सरकारी बैंक
लखनऊ, । सितंबर के महीने में बैंक कर्मियों ने अखिल भारतीय हड़ताल का ऐलान किया है। बैंक के कर्मचारी और अधिकारी चाहते हैं कि उनके यहां भी रिजर्व वैंक व बीमा क्षेत्र की तर्ज पर सप्ताह में पांच दिन काम की व्यवस्था लागू हो। साथ ही वे पीएलआई समझौतों को भी एकसमान रूप से लागू कराना चाहते हैं। हड़ताल हुई तो सितंबर में आठ दिन बैंक बंद रहेंगे।
ऑल इण्डिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी ने बताया कि बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों के यूनियनों के संयुक्त मंच यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस की तरफ से यह घोषणा हुई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि 11 सितंबर की बैंक हड़ताल के बाद वे 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल पर जाएंगे। 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 को रविवार का अवकाश रहेगा। वहीं 26 सितंबर को चौथे शनिवार और 27 को रविवार का अवकाश होने के कारण सितंबर में हड़ताल के कारण आठ दिन बैंक बन्द रहेंगे।

