Primary Ka Master Latest Updates👇

Saturday, August 29, 2026

साढ़े तीन महीने में एक लाख से अधिक को मिलेगी नौकरी

साढ़े तीन महीने में एक लाख से अधिक को मिलेगी नौकरी

प्रयागराज। विधानसभा चुनाव से पहले अगले साढ़े तीन महीने में एक लाख से अधिक बेरोजगारों को सरकारी नौकरियां मिलेंगी। इनमें भी सबसे अधिक 74,103 युवाओं को पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ की ओर से सेवायोजित किया जाएगा। पिछले दिनों मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि अप्रैल से जून के बीच होमगार्ड के 41,424 पदों तथा आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष के 32,679 पदों के लिए परीक्षाएं कराई गई हैं। इनका परिणाम क्रमशः 30 सितम्बर तथा 31 अक्तूबर तक घोषित किए जाने की संभावना है।






25 हजार को नौकरी देगा अधीनस्थ सेवा आयोग : अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ की ओर से 15 दिसंबर तक 25194 युवाओं को नौकरी दी जाएगी। जनवरी से लेकर अब तक आयोजित परीक्षाओं के परिणाम दिसम्बर तक घोषित करने की संभावना है। कनिष्ठ सहायक के 54 पदों का परिणाम 31 अगस्त तक, सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर के 5369 पदों का परिणाम दस सितम्बर तक जबकि स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) के 5272, नक्शानवीश व मानचित्रक के 283 पदों और प्रवर्तन कांस्टेबल के 477 पदों का रिजल्ट 30 सितम्बर तक जारी होगा। सहायक स्टोर कीपर व सहायक ग्रेड के 200 पद और वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक के 709 पदों का परिणाम क्रमश: सात एवं 15 अक्टूबर तक जारी होगा जबकि लेखपाल के 7994 पदों का परिणाम दस नवम्बर तक संभावित है। आशुलिपिक के 1,557 पदों का परिणाम 30 नवम्बर तक जबकि कनिष्ठ सहायक के 3279 पदों का परिणाम 15 दिसंबर तक घोषित होगा।




सहकारी सेवा मंडल में 30 नवंबर तक 2200 भर्ती


उत्तर प्रदेश सहकारी संस्थागत सेवा मंडल की ओर से सम्मिलित सहकारी बैंकिंग तथा तकनीकी सेवा के लगभग 2200 पदों के लिए परीक्षा सितंबर-अक्तूबर में आयोजित कराने की तैयारी है। इसका अंतिम चयन परिणाम 30 नवम्बर तक घोषित कर दिया जाएगा।



साढ़े तीन महीने में एक लाख से अधिक को मिलेगी नौकरी Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link