अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए प्रदर्शन किया
लखनऊ। दिव्यांग बेसिक शिक्षकों की अंतरजनपदीय स्थानांतरण सूची जल्द जारी करने की मांग को लेकर दिव्यांग महागठबंधन ने बुधवार को ईको गार्डेन में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शासन से शीघ्र सूची जारी करने की मांग करते हुए कहा कि लंबे समय से सूची न आने की वजह से दिव्यांग शिक्षकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरने को संबोधित करते हुए महागठबंधन के महासचिव वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि शासन के आदेश के बावजूद अब तक स्थानांतरण सूची जारी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि यह सूची जुलाई में ही जारी हो जानी चाहिए थी, लेकिन विभागीय देरी के चलते शिक्षक अब भी अपने गृह जनपद लौटने की राह देख रहे हैं।
धरने के दौरान पुलिस प्रशासन की पहल पर संगठन के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता बेसिक शिक्षा निदेशक मोनिका रानी से कराई गई, लेकिन वार्ता के बाद भी कोई ठोस समाधान नहीं निकला। वीरेन्द्र कुमार ने चेतावनी दी कि यदि 6 सितंबर तक सूची जारी कर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती, तो 7 सितंबर को विधानसभा पर प्रदर्शन किया जाएगा। धरने में महागठबंधन के अध्यक्ष मनीष प्रसाद, मुकेश कुमार भारती, दुर्वेश कुशवाहा, सुजीत रावत, बलबीर सिंह, लाखन सिंह, राहुल कुमार, अल्पना कुमारी और राजकुमार यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व पदाधिकारी मौजूद रहे।

