सैफई। ग्राम रनुआ (नगला अनाव) स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र पर युवक ने बीमार पिता को गलत इंजेक्शन लगाने से मौत का आरोप लगाया है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस घटना की जांच कर रही है।
पीड़ित मनोज कुमार ने बताया पिता पोगेंद्र पाल सिंह (51) के पैर में फोड़ा निकला था। छह अक्तूबर को गांव निवासी शिक्षामित्र मुकेश ने पिता से कहा कि हम इंजेक्शन लगा देंगे जिससे वह सही हो जाएंगे। उसने परिसर में ही इंजेक्शन लगा दिया और ढाई सौ रुपये भी लिए। कुछ देर बाद तबियत खराब हो गई। पिता को लेकर मेडिकल यूनिवर्सिटी ले गए जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। मनोज का आरोप है कि शिक्षामित्र अपने साथ दवाइयों से भरा हुआ थैला रखता है। मरीजों का इलाज भी करता है। सैफई थाना प्रभारी तारिक खान ने बताया तहरीर के आधार पर धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। सैफई खंड शिक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार ने बताया अभी मामला संज्ञान में नहीं आया। मामला संज्ञान में आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
