फोरलेन पर कप्तानगंज थाने के खजुहा गांव के पास हुई थी दुर्घटना
लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में ली अंतिम सांस
कप्तानगंज (बस्ती)। फोरलेन पर कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खजुहा गांव के पास रविवार को बाइक से बस्ती जाते समय ट्रक की चपेट में आने से घायल शिक्षक की देर रात लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रतासी गांव निवासी 40 वर्षीय बजरंगी प्रसाद तिवारी पुत्र अष्टभुजा तिवारी शहर के प्रेक्सिस विद्यापीठ में शिक्षक थे। अपनी पत्नी एवं दो बच्चों के साथ शहर के रौता चौराहा के निकट अपने घर में रहते थे। रविवार को अपने मूल गांव रतासी से बाइक से बस्ती शहर स्थित अपने घर पर जा रहे थे। कप्तानगंज क्षेत्र के खजुहा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से आ रहे ट्रक ने ठोकर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास उपस्थित पूर्व जिला पंचायत सदस्य राकेश चौधरी एवं विनोद चौधरी ने उन्हें बस्ती शहर के कृष्णा मिशन अस्पताल पहुंचाया। जहां पर गंभीर स्थिति देख प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। जहां डॉ राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर घरवाले दहाड़े मार कर रोने लगे। इनकी पत्नी सरिता लगभग एक सप्ताह पहले अपनी पुत्री रौनक (16) की दवा कराने दिल्ली गई थीं।
सूचना मिलने पर वह दिल्ली से सोमवार दोपहर पहुंचीं। पुलिस ने पंचनामा व अन्य कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आठ भाइयों में वह दूसरे नंबर के थे। प्रभारी निरीक्षक कप्तानगंज दिनेश चंद्र चौधरी ने बताया कि दुर्घटना से संबंधित दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है।
