मौधा प्रदेश सरकार ने स्कूली बच्चों को मिलने वाली डीबीटी यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर की धनराशि को लेकर नया फरमान जारी किया है। इसके मुताबिक जिनके तीन से अधिक बच्चे हैं, और वे परिषदीय स्कूलों में पढ़ते हैं, तो उन्हें डीबीटी के तौर पर स्कूल की ड्रेस, स्वेटर और बैग के लिए दिया जाने वाले पैसा अब सत्यापन के बाद ही दिया जाएगा।
परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को दी जाने वाली डीबीटी की धनराशि का शासन ने सत्यापन कराने का आदेश दिया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिन अभिभावकों के तीन से अधिक बच्चे स्कूलों में पढ़ रहे हैं, और डीबीटी का लाभ ले रहे हैं तो उनका विभाग सत्यापन कराने के बाद ही डाटा पोर्टल पर अपलोड होगा। बताया गया है कि एक ही अभिभावक के तीन से अधिक बच्चे होने पर पोर्टल उसे संदेह डाटा में तब्दील कर दे रहा है। यहां तक कि जिन बच्चों को डीबीटी की राशि दी जा चुकी है। उसमें भी यदि एक ही अभिभावक के तीन से अधिक बच्चे शामिल हैं, तो अब विभाग उनका भी सत्यापन करेगा। चूंकि स्कूल महानिदेशक ने आदेश जारी कर तीन से अधिक बच्चों को डीबीटी की राशि देने के बारे में सत्यापन के लिए निर्देश दे दिया है। संबंधित स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को इस बात के आदेश जारी कर दिए गए।

