कोटवाधाम (बाराबंकी)। सर्दी कम हो रही है। लेकिन शिक्षक समय पर स्कूल नहीं जा रहे हैं। जिसके चलते शिक्षका के साथ ही बच्चे भी स्कूल गेट पर खड़े इंतजार करते दिखाई दिए।
दरियाबाद क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रानी कटरा में बुधवार सुबह विद्यालय के बाहर शिक्षामित्र के साथ विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे गेट पर ताला खुलने का इंतजार करते नजर आए। जब शिक्षिका से पूछा गया तो बताया कि चाबी मास्टर साहब लेकर चले गए हैं, वह जब आएंगे तभी विद्यालय का गेट खुलेगा।
शिक्षक करीब साढ़े दस बजे विद्यालय पहुंचे, तब ताला खोला। शिक्षामित्र गांव से ही आती हैं, लेकिन चाबी उन्हें न देकर शिक्षक खुद ले जाते हैं। वह हमेशा देर में आते हैं।
बीईओ मनीराम वर्मा ने बताया कि अध्यापकों को समय पर विद्यालय पहुंचने के लिए आदेशित किया जाएगा। इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएंगी।

