सेवानिवृत्ति के दिन लागू वेतनमान से पेंशन: कोर्ट
प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि यदि किसी कर्मचारी के अनिवार्य सेवानिवृत्ति आदेश में उसकी निलंबन अवधि को सभी परिणामी लाभों के साथ ड्यूटी पर माना गया है तो उसे सेवानिवृत्ति की तारीख को लागू वेतनमान के आधार पर पेंशन संबंधी लाभ दिए जाने चाहिए।
ऐसे कर्मचारी की पेंशन निलंबन की तारीख पर लागू मूल वेतन के आधार पर निर्धारित नहीं की जा सकती।
यह आदेश न्यायमूर्ति अनिल कुमार गुप्ता ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के समीक्षा अधिकारी निशिथ वर्मा की याचिका पर दिया है। कोर्ट ने याचिका का निस्तारण करते हुए उन्हें पेंशन सहित सभी सेवानिवृत्ति लाभ पूर्व में तय न्यायिक सिद्धांत के अनुसार देने का निर्देश दिया।
मामले के अनुसार, निशिथ वर्मा को गंभीर कदाचार के आरोप में तीन नवंबर 1999 को निलंबित कर दिया गया था। निलंबन के दौरान उन्हें आधा वेतन निर्वाह भत्ते के रूप में दिया जा रहा था। बाद में 11 जनवरी 2007 को उन्हें अनिवार्य रूप से सेवानिवृत्त कर दिया गया। सेवानिवृत्ति आदेश में स्पष्ट किया गया था कि सेवानिवृत्ति अंतिम होने के बाद उनकी निलंबन अवधि को सभी परिणामी लाभों के साथ ड्यूटी माना जाएगा। याची की ओर से अधिवक्ता सुनील श्रीवास्तव ने दलील दी कि इस आदेश के अनुसार निलंबन अवधि को सेवा मानने के साथ वेतन का पुनर्निर्धारण भी किया जाना चाहिए। इसके आधार पर रोके गए सात वेतनवृद्धियों, नए वेतनमान में एक वेतनवृद्धि, छठे वेतन आयोग के अनुसार वेतन निर्धारण और बकाया वेतन सहित पेंशन, उपादान, पेंशन का एकमुश्त भुगतान तथा अवकाश नकदीकरण का लाभ दिया जाना चाहिए।
कोर्ट ने पाया कि इसी तरह के मामले में लखनऊ पीठ ने राकेश वर्मा बनाम मोहम्मद रिजवान मामले में 19 दिसंबर 2012 को फैसला दिया था। उसमें कहा गया था कि निलंबन अवधि को सभी परिणामी लाभों के साथ ड्यूटी मानने का अर्थ है कि कर्मचारी को उस अवधि के सेवा लाभ भी दिए जाएं। उसकी पेंशन सेवानिवृत्ति के दिन लागू वेतनमान के आधार पर तय होगी।
इस फैसले को हाईकोर्ट की खंडपीठ ने भी बरकरार रखा था। इसके बाद हाईकोर्ट प्रशासन की विशेष अनुमति याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने 23 सितंबर 2013 को खारिज कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने तीन महीने के भीतर संबंधित कर्मचारी को बकाया राशि का भुगतान करने का निर्देश भी दिया था। हाईकोर्ट ने कहा कि इस कानूनी स्थिति की पहले ही व्याख्या हो चुकी है और सुप्रीम कोर्ट भी उस पर मुहर लगा चुका है। इसलिए निशिथ वर्मा भी उसी फैसले के अनुरूप सभी लाभ पाने के हकदार हैं।

