रामपुर। परिषदीय स्कूलों में कोरोना काल में पिछाड़ी पढ़ाई को पटरी पर लाने के लिए परिषदीय स्कूलों के बेसिक स्तरीय शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। मंडलभर में 381 न्याय पंचायत के 6302 स्कूलों के इतने ही बेसिक शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक स्कूल से एक शिक्षक को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का कार्य इसी माह शुरू होगा इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। विकास खंड वार प्रशिक्षण की तिथि भी शीघ्र घोषित की जाएगी। कोरोना काल में बेसिक स्कूलों की शिक्षा प्रभावित हुई और अब स्कूलों के खुलने के पढ़ाई रास्ते पर आ गई है। लेकिन, संक्रमण की वजह बंद रहे स्कूल अब खुले तो बच्चों को संबंधित कक्षा के अनुरूप तैयार करना शिक्षकों के लिए चुनौती बना है।
इसके लिए नई रणनीति से शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रत्येक बीआरसी पर उस ब्लाक के प्राथमिक स्कूलों के एक शिक्षक को रेडीनेस स्कूल कार्यक्रम का प्रशिक्षण मिलेगा। चार से पांच घंटे के प्रशिक्षण में शिक्षक को बच्चों को कैसे तत्परता से पढ़ाया जाए और संबंधित कक्षा के लायक बनाया जाए, इसके तरीके बताए जाएंगे।
