वाराणसी। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र पोस्टकार्ड के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मन की बात लिखकर भेजेंगे। 'स्वतंत्रता संग्राम के अकीर्तित नायक व '2047 में भारत के प्रति मेरा दृष्टिकोण' विषय पर छात्र पोस्टकार्ड लिखेंगे। डाक और शिक्षा विभाग की ओर से 20 दिसंबर तक स्कूलों में पोस्टकार्ड लेखन प्रतियोगिता कराई जा रही है। वाराणसी परिक्षेत्र में करीब दो लाख विद्यार्थी पोस्टकार्ड भेजेंगे। डाक विभाग की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि एक दिसंबर से शुरू पोस्टकार्ड लेखन प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। विद्यार्थियों को स्कूल के माध्यम से 50 पैसे में पोस्टकार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। जिस पर पहले से ही प्रधानमंत्री कार्यालय का पता अंकित होगा। इसमें सीबीएसई बोर्ड, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय
विद्यालय और राज्य बोर्डों से संबद्ध स्कूलों के कक्षा 4 से 12 तक के विद्यार्थी शामिल होकर हिंदी, अंग्रेजी व अनुसूचित भाषा में पोस्टकार्ड लिखेंगे। अब तक एक लाख से ज्यादा पोस्टकार्ड स्कूलों को दिए जा चुके हैं। डाक विभाग द्वारा एक निश्चित तिथि पर सभी पोस्टकार्ड को स्पेशल बैग के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
प्रधानमंत्री से मिलने का भी मौका मिलेगा: डाक विभाग में सहायक निदेशक राम मिलन ने बताया कि 17 जनवरी, 2021 को देश भर से चुने हुए सर्वश्रेष्ठ 75 पोस्टकार्ड के लेखक विद्यार्थियों को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का अवसर मिलेगा। इसमें श्रेष्ठ विचारों वाले 500-1000 पोस्ट कार्ड्स को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित भी किया जाएगा।
