मुरादाबाद। राजकीय महिला पॉलीटेक्निक के शिक्षकों ने प्रधानाचार्य के खिलाफ प्रमुख सचिव से शिकायत की है। शिक्षकों ने प्रधानाचार्य द्वारा शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकने अभद्रता करने और संस्था से बिना अवकाश के गायब रहने सहित दस बिंदुओं पर शिकायत की है। प्रधानाचार्य का कहना है कि उनके द्वारा कराए जा रहे संस्था हित और छात्रहित के कार्यों से बचने के लिए शिक्षकों ने विरोध में यह शिकायत की है।
नौ शिक्षकों (ख्याओं) ने चार मार्च को विशेष सचिव को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि प्रधानाचार्य ने 17 फरवरी का एक दिन का वेतन अगले आदेशों तक रोकने के संबंध में आदेश करने की धमकी दी है।
उन्होंने प्रधानाचार्य पर शाम पांच बजे के बाद रोकने, महिला शिक्षकों
के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने, सुरक्षा अधिकारी प्रभारी का पद महिला शिक्षकों को देकर अनावश्यक समय पर बुलाने जुलाई 2018 से जनवरी 2019 तक प्रधानाचार्य आवास खाली होते हुए भी गेस्ट हाउस में रुकने और एचआरए प्राप्त करने, पाँच शिक्षकों का नियमविरुद्ध एचआरए काटने, लिपकीय स्तर के कार्य शिक्षकों से करवाने संस्था के अधिकांश कार्य शाहजहांपुर की एक फर्म से करवाने, बिना अवकाश के दो से तीन दिन संस्था से नदारद रहने, आयकर बचत प्रमाण पत्र में फर्जीवाड़ा करने सहित अन्य आरोप लगाए हैं।
शिक्षकों के अनुसार वे प्रधानाचार्य के जुलाई 2018 में कार्यभार ग्रहण करने के बाद से मानसिक पीड़ा से गुजर रहे हैं। उन्होंने प्रमुख सचिव से मामले की जांच करवाकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

