बाबा धाम में 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा का सजीव प्रसारण देखने की व्यवस्था की गई थी। इसे देखने के लिए शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी समेत अन्य भाजपाई जुटे थे। यहां शिक्षक विधायक समेत अन्य को बैठने के लिए कुर्सी नहीं मिली। लापरवाही पर जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार सिन्हा ने सांगीपुर ब्लाॅक के सहायक विकास अधिकारी पंचायत आद्या प्रसाद का वेतन रोकते हुए सप्ताह भर में स्पष्टीकरण तलब किया है। डीपीआरओ ने बताया कि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं होने पर एडीओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। संवाद
क्रिटिकल बूथों की करें पहचान : एसडीएम
लालगंज। तहसील में मंगलवार को सामान्य निर्वाचन व राजस्व कार्यों को लेकर एसडीएम लालधर यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। एसडीएम ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को मतदान केंद्रों का भ्रमण कर क्रिटिकल व वर्नेबल बूथों की पहचान का निर्देश दिया। इसके साथ ही वहां किए गए प्रबंधों की जानकारी ली। बैठक में एसडीएम ने कृषि सर्वे अभियान को भी सप्ताह भर में पूरा करने का निर्देश दिया। एसडीएम ने आईजीआरएस से जुड़े प्रार्थना पत्रों का राजस्व निरीक्षकों व लेखपालों से समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। इस मौके पर तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार पंकज, केके तिवारी, केके सरोज, धर्मवीर, सुरेश यादव, प्रदीप सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
लोगों को मिले बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ : जीतलाल पटेल
लीलापुर। चमरूपुर शुक्लान तिराहे पर मंगलवार को विधायक जीतलाल पटेल ने स्वास्थ्य संगोष्ठी का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य मनुष्य के जीवन का प्रमुख हिस्सा है। इसके लिए जरूरी है कि लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाओं को लाभ मिले। विशिष्ट अतिथि राजेंद्र पासी ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। यहां 123 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. सीबी पटेल ने किया। इस मौके पर डॉ. बीएल वर्मा, डॉ. यूबी सिंह, सोनी वर्मा, गौरव कुमार, बब्बन शुक्ल, विनोद शुक्ल, अमृत सरोज आदि मौजूद रहे। रामपुर बावली चौराहे पर निशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन हुआ। संवाद

