ललितपुर। अब परिषदीय और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में तैनात शिक्षकों का नाम, योग्यता, मोबाइल नंबर सहित अन्य ब्योरा आम लोग जान सकेंगे। इन विद्यालयों में नियुक्त शिक्षकों के फोटोफ्रेम लगाए जाएंगे, इसमें शिक्षकों की फोटो सहित अन्य जानकारी अंकित रहेगी। शासन ने इसके लिए विद्यालय वार धनराशि जारी कर दी है। जिले के लिए करीब 7.38 लाख की धनराशि को स्वीकृति दी गई है।
परिषदीय व कंपोजिट और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में करीब 1.70 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। अब इन विद्यालयों में हमारे शिक्षक नामक शीर्षक से इनमें कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों के अलग-अलग फोटो फ्रेम लगाए जाएंगे। यह फोटो फ्रेम एक फीट चौड़ा व डेढ़ फीट लंबा होगा। इसमें सभी शिक्षकों का उच्च गुणवत्तायुक्त फोटो, शैक्षिक योग्यता, प्रशिक्षण योग्यता, विद्यालय में तैनाती की तारीख, मोबाइल नंबर, आवंटित कक्षा, आवंटित विषय और विशिष्ट उपलब्धियां जिसमें राज्य शिक्षक पुरस्कार या राष्ट्रपति पुरस्कार का विवरण अंकित रहेगा।
शासन ने एक फोटो फ्रेम की कीमत 150 रुपये निर्धारित की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिकेश यादव ने बताया कि सभी परिषदीय व कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और इंचार्ज प्रधानाध्यापकों को निर्देश दे दिए हैं। जल्द ही सभी विद्यालयों में फोटो फ्रेम लग जाएंगे।
------
निरीक्षण कर्ता को होगी सुविधा
विद्यालयों में शिक्षकों का फोटो फ्रेम कक्षा में ऐसी जगह लगाया जाएगा, जो बच्चों और विद्यालय में प्रवेश करने वाले प्रत्येक अभिभावक, निरीक्षण कर्ता और आम लोगोंं को आसानी से दिखाई दे। इससे खासकर निरीक्षण कर्ताओं को जानकारी जुटाने में आसानी होगी।
---------
फैक्ट फाइल
-1354 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय
- 6 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय
- 3477 प्राइमरी शिक्षक
- 1409 शिक्षा मित्र

