जागरण संवाददाता, भागलपुरः स्कूल का गलत निरीक्षण रिपोर्ट देना सुल्तानगंज के ब्लाक रिसोर्स पर्सन (बीआरपी) को महंगा पड़ गया। निरीक्षण रिपोर्ट तैयार करने में हुई गलती के कारण सुल्तानगंज के ब्लाक रिसोर्स पर्सन सुधीर कुमार की नौकरी चली गई। जिला शिक्षा विभाग की जिला चयन समिति द्वारा उन्हें नौकरी से हटाए जाने का आदेश जारी कर दिया गया है। स्कूल के निरीक्षण में लापरवाही पर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के स्तर से पहली बार ऐसी सख्त कार्रवाई की गई है। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य
सचिव डा. एस सिद्धार्थ ने मंगलवार को हुए वीडियो कांफ्रेंसिंग में सुल्तानगंज प्रखंड के स्कूल निरीक्षण रिपोर्ट की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी पाई। मिली जानकारी के अनुसार बीआरपी सुधीर कुमार द्वारा 10 जून को सुल्तानगंज प्रखंड के पांच स्कूलों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण रिपोर्ट गुणवत्ता पूर्ण नहीं पाया गया था। उनके द्वारा अपलोड किए गए रिपोर्ट में सभी स्कूलों की रिपोर्ट में एक समान समरूपता पाई गई थी। वहीं बीआरपी को सेवा मुक्त करने के लिए जिला चयन समिति की बैठक की गई। जिनमें अध्यक्ष जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, सदस्य सचिव डीपीओ एसएसए डा जमाल मुस्तफा, सुल्तांगज प्रखंड के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, डायट प्राचार्य श्रुति और पीटीइसी नगरपारा के प्राचार्य शामिल थे। इस बैठक में उनके कार्य को गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाए जाने के कारण समिति ने उन्हें सेवा से मुक्त करने का निर्णय लिया। इसको लेकर पत्र भी जारी कर दिया गया।

