बिहार पुलिस में इस साल 45650 पदों पर होगी बहाली, चल रही तैयारी
बिहार पुलिस में इस साल 45650 पदों पर बहाली की संभावना है. इसको लेकर पुलिस मुख्यालय ने तैयारी पूरी कर ली है. इनमें 24269 नये पदों पर जबकि 21391 सिपाही के पूर्व से लंबित पदों पर बहाली होगी. नये पदों पर बहाली को लेकर गृह विभाग और वित्त विभाग की मंजूरी के बाद जल्द ही रोस्टर तैयार कर संबंधित आयोग को भेजा जायेगा. इस साल बहाली को लेकर कुलचिह्नित 24269 पदों में 19469 पद सिपाही एवं समकक्ष, 2800 पद सिपाही चालक एवं 2000 पद दारोगा एवं समकक्ष के रखे गये हैं.
बिहार पुलिस मुख्यालय के मुताबिक सूबे की बढ़ती जनसंख्या और डायल 112 की आवश्यकता को देखते हुए गृह विभाग ने बीते साल बिहार पुलिस के लिए 75543 पदों का सृजन किया था. इनमें जनसंख्या आधारित सीधी नियुक्ति के 49447 पदों में 24269 पदों पर बहाली हेतु प्रक्रिया की जा रही है.

