Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, June 19, 2024

गर्मी से 10 दिन राहत नहीं: ज्यादातर राज्यों में पारा 45 पार; दिल्ली-UP में जून के आखिर में मानसून का आगमन

 राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर और पूर्वी भारत में प्रचंड गर्मी से हाहाकार मचा है। बीते 15-20 दिनों से उत्तर प्रदेश, पंजाब व हरियाणा समेत ज्यादातर राज्यों में दिन का तापमान 44-47 डिग्री सेल्सियस के बीच बरकरार है। दिल्ली में हालत यह है कि मंगलवार सुबह 8:30 बजे ही पारा 34.8 डिग्री पहुंच गया। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया।



दिल्ली-एनसीआर में प्रचंड गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी है। लू के थपेड़ों से अभी कम से कम 10 दिन तक किसी बड़ी राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार 27-28 जून के आसपास मानसून पहुंचने के बाद ही राहत मिल सकती है। हालांकि, इस दौरान एक-दो दिन बारिश हो सकती है, पर इससे भीषण गर्मी से तात्कालिक राहत ही मिलेगी। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि यूपी व हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी। राजस्थान, एमपी, बिहार, झारखंड, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, विदर्भ व बंगाल के कुछ हिस्सों में भी ऐसे ही हालात रहेंगे। पंजाब, हरियाणा, बिहार व झारखंड में गर्मी का रेड अलर्ट जारी है।  


पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले तीन से पांच दिन भारी बारिश की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वोत्तर के राज्यों, खासतौर पर मेघालय, असम, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और मणिपुर में अगले तीन से पांच दिन भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन राज्यों में 20 सेंटीमीटर से भी अधिक वर्षा हो सकती है। असम में तो पिछले कई दिनों हो रही बारिश के चलते ब्रह्मपुत्र और बराक के अलावा विभिन्न सहायक नदियों के जलस्तर बढ़ता जा रहा है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया है कि राज्य में बाढ़ से 309 गांवों के 1.05 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य के 14 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। आने वाले दिनों में भारी बारिश होने पर हालात और बिगड़ने की आशंका बढ़ गई है।


दिल्ली में बिजली की खपत ने रिकॉर्ड तोड़ा

भीषण गर्मी के बीच मंगलवार दोपहर राष्ट्रीय राजधानी में बिजली की अधिकतम खपत 8,647 मेगावाट तक पहुंच गई, जो शहर में अब तक का उच्चतम स्तर है। 

गर्मी से 10 दिन राहत नहीं: ज्यादातर राज्यों में पारा 45 पार; दिल्ली-UP में जून के आखिर में मानसून का आगमन Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link