आजकल बहुत से लोग अपने बच्चों के जन्म से ही उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए निवेश करना शुरू कर देते हैं। अब तक अधिकतर लोग सार्वजनिक भविष्य निधि खाता (पीपीएफ) और म्यूचुअल फंड में एसआईपी के जरिए निवेश करते रहे हैं लेकिन अब उनके पास निवेश का एक नवा विकल्प सामने आया है। यह है एनपीएस वात्सल्य योजना। यह मौजूदा एनपीएस का ही एक प्रकार है, जिसे खास तौर पर युवा व्यक्तियों के लिए तैयार किया गया है।
माता-पिता खोल सकते हैं
अपने बच्चे का खाता
इस योजना के तहत, माता-पिता और अभिभावक अपने बच्चों के लिए एनपीएस खाता खोल सकते हैं और बच्चे के 18 साल का होने तक हर महीने या साल में एक निश्चित राशि का योगदान कर सकते हैं। इसके जरिए माता-पिता या अभिभावकों के लिए अपने बच्चों के लिए करियर और पेंशन की योजना बनाना संभव हो सकेगा। विशेषज्ञों के अनुसार, चूंकि यह सरकारी योजना है, इसलिए एनपीएस कम लागत वाला निवेश है। इसके जरिए हर वर्ग के लोगों को निवेश करने का मौका मिलेगा। एनपीएस वात्सल्य बच्चों के लिए लंबी अवधि के निवेश का नया विकल्प है। यह उनके बालिग होने पर फंड में जमा राशि उनकी सेवानिवृत्ति तक सभी जरूरतों को पूरा करेगी।
पसंद के अनुसार निवेश करें
माता-पिता बच्चे के एनपीएस खाते में कम से कम 500 प्रति माह या अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक प्रति वर्ष जमा कर सकते हैं। बच्चा 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने पर अपने एनपीएस वात्सल्य खाते से पूरी धनराशि निकाल सकता है।

