बच्चों को विद्यालय पर छोड़ शिक्षक बीईओ के स्वागत व विदाई समारोह में जुटे
रतनपुर/महराजगंज (स्पष्ट आवाज)। नौतनवां ब्लाक क्षेत्र में सोमवार को एक ऐसा मामला सामने आया है। जहां विद्यालय छोड़कर सैकड़ों की संख्या में शिक्षक नौतनवां ब्लाक सभागार में नवागत खंड शिक्षा अधिकारी का स्वागत और नौतनवां से स्थांतरित हुए खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रभूषण पाण्डेय के विदाई समारोह में मशगूल देखे गए।
जानकारी के मुताबिक एक अक्टूबर से विद्यालय के समय सीमा में शासन द्वारा बदलाव कर दिया गया है। अब नौ बजे से तीन बजे तक विद्यालय खुलने का समय तय कर प्रदेश के सभी बेसिक शिक्षा अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारियों को जारी शासनादेश के अनुपालन लन का निर्देश जारी किया गया है। परंतु नौतनवां ब्लाक पर तैनात नवागत खंड शिक्षा अधिकारी समेत शिक्षक शासन द्वारा जारी निर्देशों की धज्जियां उड़ानें में जुटे हुए हैं। बताया जाता है कि बीते 21 सितंबर को जिलाधिकारी के आदेशानुसार बीएसए श्रवण कुमार गुप्ता ने जिले के दस खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। जिसमें चंद्रभूषण पाण्डेय
और हेमंत मिश्रा का भी स्थानांतरण हुआ था। स्थांतरण को 16 दिन बीत भी गया परंतु नौतनवां क्षेत्र के शिक्षकों को नवागत खंड शिक्षा अधिकारी हेमंत मिश्रा के स्वागत और स्थांतरित खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रभूषण पाण्डेय का विदाई समारोह करने का मौका नहीं मिल पाया था। सोमवार को ब्लाक क्षेत्र के सभी शिक्षकों में अपने खंड शिक्षा अधिकारियों का समारोह मनाने का ऐसा जुनून चढ़ा की दोपहर एक बजे से विद्यालय व
बच्चों को उनके हाल पर छोड़ शाम करीब चार बजे तक स्वागत एवं विदाई समारोह में ताली बजाते नजर आए। जिससे यह प्रतीत होता है कि दो खंड शिक्षा अधिकारियों संग सैकड़ों की संख्या में एकत्र होकर शिक्षक जश्न में डूबे कर शासनादेश की धज्जियां उड़ाते रहे। इस संबंध में बीएसए श्रवण कुमार गुप्ता से जानकारी हेतु उनके मोबाइल फोन पर संपर्क किया गया परन्तु उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।

