पडरौना। डीसी प्रशिक्षण ने बृहस्पतिवार को सुकरौली ब्लॉक के तीन विद्यालयों की जांच की। एक विद्यालय सुबह 9:25 बजे बंद मिला तो दूसरे विद्यालय में तैनात आठ शिक्षकों में से दो शिक्षक अनुपस्थित मिले।
जिला समन्वयक प्रशिक्षण सत्येंद्र कुमार मौर्य बृहस्पतिवार सुबह 9:25 बजे सुकरौली ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय महुअइया पडरी पहुंचे। विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक नन्हे शाही, सहायक अध्यापक प्रमेश कुमार शर्मा व मधु कुमारी और शिक्षामित्र राजेश सिंह व मीरा सिंह समेत पांच शिक्षकों में से कोई भी विद्यालय में नहीं थ। विद्यालय भी बंद मिला। विद्यालय की दीवार पर किसी भी प्रकार की जानकारी जैसे- शिकायत के लिए टोल फ्री-नंबर, बाल अधिकार, संरक्षा, सुरक्षा संबंधी निर्देश, महत्वपूर्ण अधिकारियों के मोबाइल नंबर, एसएमसी सदस्यों का विवरण आदि लिखी नहीं मिली। मौजूद लोगों ने बताया कि प्रधानाध्यापक विलंब से आते हैं। सुबह 9:50 बजे कंपोजिट विद्यालय केवटान पडरी पहुंचे। वहां विद्यालय में तैनात आठ शिक्षकों में से सहायक अध्यापक खुशबू मिश्रा और शिक्षामित्र सुदर्शन सिंह बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। विद्यालय में नामांकित 137 विद्यार्थियों में 61 विद्यार्थी उपस्थित मिले। 10:30 बजे कंपोजिट विद्यालय महादनपुर सिहुलिया में सभी शिक्षक मौजूद मिले। डीसी प्रशिक्षण ने बताया कि निरीक्षण रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।

