Primary Ka Master Latest Updates👇

Saturday, December 28, 2024

कई राज्यों में आज भी बारिश की चेतावनी

 कश्मीर के कई हिस्सों में बर्फबारी


श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में शुक्रवार को फिर हिमपात हुआ। वहीं, घाटी में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर, गांदरबल, अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां और पुलवामा जिलों के मैदानी इलाकों में मौसम का पहला हिमपात हुआ। ताजा हिमपात के कारण श्रीनगर-लेह राजमार्ग और मुगल रोड बंद कर दिया गया है। इस बीच कश्मीर में गंभीर शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही तथा न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे बना रहा।



नई दिल्ली, एजेंसी। नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम का मिजाज बदल गया है। मध्य भारत सहित उत्तर-पश्चिम भारत में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश के बीच ओले भी गिरने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने 29 से 31 दिसंबर तक हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर का भी अनुमान जताया है।


यहां रहेगा कोहरा : आईएमडी ने कहा कि 30 दिसंबर तक राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, झारखंड, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में देर रात और सुबह के समय घने से बहुत घना कोहरा छाया रहने के आसार हैं।



हिमाचल में बर्फबारी से 70 सड़कें बंद : कुल्लू और लाहौल घाटी में मौसम फिर से बदल गया। शुक्रवार सुबह से ही रोहतांग, कुंजम दर्रा सहित ऊंची चोटियों में हिमपात का दौर शुरू हो गया। जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर सैलानियों को रोहतांग टनल और जलोड़ी दर्रा की तरफ न जाने की हिदायत दी है। बीते दिनों हुई बर्फबारी के चलते दो नेशनल हाईवे समेत 70 सड़कें अभी भी अवरुद्ध हैं।




राजस्थान में कड़ाके की सर्दी: राजस्थान के अधिकतर इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार को कई जगह मध्यम बारिश हुई। अनेक इलाकों में शुक्रवार को भी घना कोहरा छाया रहा। कई दिनों से अनेक इलाके कड़ाके की सर्दी की चपेट में है।




बीते चौबीस घंटे में निम्नतम न्यूनतम तापमान चुरू में 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई राज्यों में आज भी बारिश की चेतावनी Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link