जरूरत की खबर- यूपी में 11000 किलो मिलावटी चायपत्ती बरामद:कहीं आपके यहां तो नहीं आ रही नकली चाय, घर पर कैसे करें पहचान
बीते दिनों उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में STF और फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FSDA) ने नकली चायपत्ती बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। इस फैक्ट्री से 11 हजार किलो नकली चायपत्ती, सिंथेटिक कलर और सैंडस्टोन बरामद किया गया। इसकी कीमत करीब 13 लाख रुपए आंकी गई।
भारत में चाय के शौकीन लोगों की कमी नहीं है। एक सर्वे के मुताबिक तकरीबन 80% भारतीयों के दिन की शुरुआत चाय से होती है। लेकिन अगर आप मिलावटी चायपत्ती वाली चाय पी रहे हैं तो यह आपकी सेहत के लिए खतरनाक हो सकती है।
तो चलिए, आज जरूरत की खबर में बात करेंगे कि असली चायपत्ती की पहचान कैसे करें? साथ ही जानेंगे कि-
नकली चायपत्ती से किस तरह की हेल्थ प्रॉब्लम्स हो सकती हैं?
चायपत्ती खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
एक्सपर्ट: शिल्पी गोयल, डाइटीशियन, रायपुर, छत्तीसगढ़
सवाल- मिलावटखोर चायपत्ती में किस तरह की चीजों की मिलावट करते हैं?
जवाब- अधिक मुनाफा कमाने के लिए मिलावटखोर चायपत्ती में नारियल की भूसी, लकड़ी का बुरादा, आर्टिफिशियल कलर और सैंडस्टोन जैसी चीजों की मिलावट करते हैं। ऐसी चाय पीने से सेहत को कई तरह से नुकसान पहुंच सकता है।
सवाल- मिलावटी चायपत्ती सेहत के लिए कितनी खतरनाक है?
जवाब- डाइटीशियन शिल्पी गोयल बताती हैं कि नकली चायपत्ती में कई हानिकारक केमिकल मिलाए जाते हैं, जिससे स्किन एलर्जी और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा लंबे समय तक मिलावटी चाय पीने से कई गंभीर हेल्थ प्रॉब्लम्स का खतरा बढ़ जाता है। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-
सवाल- एक दिन में कितनी चाय पीनी चाहिए?
जवाब- अगर आप दूध वाली चाय पी रहे हैं तो दिन में आप 1 से 2 कप चाय पी सकते हैं। वहीं ब्लैक टी या ग्रीन टी एक दिन में 2 से 3 कप पी सकते हैं। हालांकि अगर आपको कोई हेल्थ प्रॉब्लम है तो अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
सवाल- क्या दूध वाली चाय पीना सही है?
जवाब- डाइटीशियन शिल्पी गोयल बताती हैं कि हमें दूध वाली चाय पीने से बचना चाहिए। इससे शरीर में एसिडिटी हो सकती है और कब्ज की समस्या हो सकती है। अधिक मात्रा में दूध की चाय पीने से शरीर डिहाइड्रेट हो सकता है, पेट में गैस हो सकती है और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा दूध की चाय पीने से कई अन्य हेल्थ प्रॉब्लम्स भी हो सकती हैं। जैसेकि-
इससे अनिद्रा की समस्या हो सकती है।
रोजाना दूध की चाय ज्यादा पीने से चेहरे पर मुंहासे हो सकते हैं।
ज्यादा चाय पीने से अपच की समस्या भी हो सकती है।
ज्यादा दूध की चाय पीने से तनाव या घबराहट जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
सवाल- घर पर मिलावटी और असली चायपत्ती की पहचान कैसे करें?
जवाब- आजकल बाजार में कई ऐसी फेक कंपनियां हैं, जो सस्ते दामों में मिलावटी चायपत्ती बेचती हैं। हालांकि चायपत्ती में मिलावट है या नहीं, इसकी पहचान आप घर बैठे कुछ आसान तरीकों से कर सकते हैं। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-