Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, February 19, 2026

चयन वेतनमान न जारी होने पर आमरण अनशन पर बैठे जिलाध्यक्ष

चयन वेतनमान न जारी होने पर आमरण अनशन पर बैठे जिलाध्यक्ष


पूर्व घोषणा के अनुसार शिक्षकों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष नवीन त्रिपाठी बीएसए कार्यालय पर आमरण अनशन पर बैठ गए। इसकी खबर मिलते ही विभागीय अधिकारियों में हलचल बढ़ गई। अधिकारियों से हुई वार्ता में कुछ समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया तो कुछ के समाधान का ठोस आश्वासन मिला। इसके बाद अनशन समाप्त कर दिया। इस दौरान बीएसए ऑफिस पर गहमा गहमी का माहौल बना रहा। 

बीते दिनों राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष नवीन त्रिपाठी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह को छह बिंदुओं का पत्र सौंपकर समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की थी। इसमें एक ही वित्तीय सत्र में दो बार विद्यालयों का ऑडिट कराकर शिक्षकों का आर्थिक दोहन करना, चयन वेतनमान की फाइल ब्लॉकों पर महीनों तक रोका जाना, बिना विभागीय मुहर के एमडीएम का ऑडिट कराकर शिक्षकों का शोषण करना, विभाग के स्टेनो के बैठने का दिन निर्धारित न होना, वर्षों से एक ही ब्लाॅक में जमे खंड शिक्षाधिकारियों का स्थानांतरण न किया जाना तथा शिक्षकों द्वारा कंपोजिट ग्रांट खर्च न करने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने जैसे मुद्दे प्रमुख थे।


पूर्व चेतावनी के अनुसार जिलाध्यक्ष नवीन त्रिपाठी मंगलवार को बीएसए ऑफिस पर आमरण अनशन में बैठ गए। इस बीच सूचना पर बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी तथा शिक्षक भी पहुंच गए। कुछ देर बाद बीएसए अमित कुमार सिंह ने वार्ता कर अनशन को समाप्त कराया। बीएसए ने 72825 शिक्षक भर्ती के द्वितीय बैच तथा 29 हजार गणित - विज्ञान के शिक्षकों का चयन वेतनमान आदेश तुरंत जारी कर दिया। उन्होंने ऑडिट के मामले में कहा कि एक वित्तीय सत्र में इसकी संख्या निर्धारित की जाएगी। 

बीईओ के ब्लॉक बदलने के मामले में उन्होंने बताया कि कई अधिकारी इस वर्ष अंतरजनपदीय स्थानांतरण में हैं। उन्होंने बताया कि विभाग में स्थायी स्टेनो के लिए निदेशक को पत्र लिखा गया है। उन्होंने अन्य मामलों के भी समाधान का आश्वासन दिया। 

इस अवसर पर महामंत्री अमरेश चौधरी, संगठन मंत्री अभिषेक श्रीवास्तव, आनंद कुमार सिंह, कमला कांत यादव, बृजेश प्रताप सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, विवेक कुमार मिश्रा, दिनेश कुमार शर्मा, अविनाश यादव, विनय कुमार, आदित्य वर्धन शुक्ला, दीपक सिंह, अनिल कुमार, अभिषेक कुमार सिंह, राकेश कुमार, संजय राय, सर्वेश राय, धर्मेंद्र कुमार चौधरी, सुचित कुमार चौधरी, अभिषेक तिवारी, आनंद कुमार सिंह, विकास कुमार आनंद, नवीन सिंह, श्याम नारायण, प्रमोद सिंह, राकेश कुमार, जितेंद्र सिंह, महेश कुमार शर्मा आदि शिक्षक मौजूद रहे।

चयन वेतनमान न जारी होने पर आमरण अनशन पर बैठे जिलाध्यक्ष Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link