Primary Ka Master Latest Updates👇

Sunday, February 15, 2026

CTET परीक्षा देने गए बेसिक शिक्षक को ब्रेन हेमरेज, उपचार के दौरान मौत

CTET परीक्षा देने गए बेसिक शिक्षक को ब्रेन हेमरेज, उपचार के दौरान मौत



मुजफ्फरनगः पांच दिन पूर्व मेरठ में केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा देने गए सहायक अध्यापक वैभव सिंघल की परीक्षा कक्ष में ही तबीयत बिगड़ गई। उनको मेरठ के सुभारती मेडिकल कालेज के अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया था। यहां शुक्रवार को उनका निधन हो गया। शिक्षक नेताओं ने कहा कि वह टीईटी की अनिवार्यता को लेकर मानसिक तनाव में थे, जिस कारण ब्रेन हेमरेज होने पर निधन हुआ है।


कस्बा पुरकराजी निवासी 48 वर्षीय वैभव सिंघल का परिवार मुजफ्फरनगर के शांतिनगर में रहता है। वह पुरकाजी क्षेत्र के गांव बढ़ीवाला स्थित कंपोजिट विद्यालय में सहायक अध्यापक थे। उनकी पत्नी दीपा भोपा रोड पर जट मुंझेड़ा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं, जबकि बहन पुरकाजी के विद्यालय में पढ़ाती हैं। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संजीव बालियान ने बताया कि गत आठ फरवरी को वैभव केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा देने मेरठ के डीपीएस स्कूल में गए थे। तबीयत बिगड़ने और अचेत होने पर उन्हें मेरठ के सुभारती मेडिकल


कालेज के अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया था। यहां शुक्रवार की सुबह वैभव की मौत हो गई। उनका शव मुजफ्फरनगर लाने के बाद भोपा रोड स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार सिंह समेत शिक्षकों ने वैभव को अंतिम विदाई दी। एडीएम का कहना है कि शिक्षकों ने यही बताया है कि वैभव को ब्रेन हेमरेज हुआ, हालांकि उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट नहीं देखी है।


भाकियू शिक्षक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रामरतन वर्मा ने कहा कि टीईटी को लेकर वैभव मानसिक तनाव में थे। सरकार कार्यरत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से छूट दे या कोई व्यावहारिक समाधान निकालें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हों। इस दौरान उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अक्षय कुमार, अमित शर्मा, मनीष गोयल, अमित तोमर मौजूद रहे।



CTET परीक्षा देने गए बेसिक शिक्षक को ब्रेन हेमरेज, उपचार के दौरान मौत Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link