दरोगा भर्ती परीक्षा 14 व 15 मार्च को कड़ी सुरक्षा में होगी
आधार कार्ड लाना होगा
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर केवल नीला या काला पेन, पहचान पत्र और प्रवेश पत्र के साथ ही प्रवेश मिलेगा। आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। मेटा चश्मों, ब्लूटूथ डिवाइस सहित किसी भी इलेक्ट्रानिक उपकरण और मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा में सभी अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच व आधार सत्यापन किया जाएगा।
● डीजी भर्ती बोर्ड ने बैठक कर दिए दिशा निर्देश
● सभी जिलों से कुल15 लाख के करीब अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
लखनऊ, विशेष संवाददाता। पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर ने 14 व 15 मार्च को होने वाली दरोगा भर्ती की लिखित परीक्षा में सुरक्षा प्रबंधों को लेकर सभी जिलों के नोडल अधिकारियों व जिला पर्यवेक्षकों को कड़े निर्देश दिए हैं।
डीजी ने शनिवार को बैठक कर नोडल अधिकारियों को सभी अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच व आधार सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक व पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल रहे। डीजी ने उन्हें अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग व फ्रिस्किंग कराने, इंपरसनेशन या गलत पहचान के मामलों में कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा कि महिला अभ्यर्थियों की चेकिंग केवल महिला कर्मियों द्वारा अलग एनक्लोजर में कराई जाएगी। उप निरीक्षक के लगभग साढ़े चार हजार पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा होनी है। सभी जिलों में ट्रेजरी में प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत निर्देश दिए गए।
परीक्षा केंद्र में मुस्तैद रहेंगे सीओ : सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों पर पुलिस उपाधीक्षक से उप निरीक्षक स्तर तक के अधिकारी तैनात रहेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी त्रिस्तरीय लाइव कंट्रोल प्रणाली से भर्ती बोर्ड द्वारा की जाएगी। जिला स्तर पर भी नियंत्रण कक्ष संचालित होंगे।

