बंदर के हमले से बीएसए घायल
हाथरस की जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) स्वाती भारती वृंदावन में बंदर के हमले में घायल हो गईं। वह दर्शन करने गई थीं, तभी एक बंदर ने उन पर हमला कर दिया। हमले में घायल होने के बाद उन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया।
घटना के बाद बृहस्पतिवार को स्वाती भारती हाथरस स्थित जिला बागला अस्पताल पहुंचीं। चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें एंटी रेबीज (एआरवी) इंजेक्शन लगाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें सावधानी बरतने और निर्धारित दवाइयों का नियमित सेवन करने की सलाह दी है।
वृंदावन क्षेत्र में बंदरों के हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आए दिन श्रद्धालु और स्थानीय लोग इन हमलों का शिकार हो रहे हैं, जिससे उनमें भय और चिंता का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग की है।

