बेसिक की अर्धवार्षिक परीक्षा 17 से तय, 15 तक कोर्स पूरा करने का निर्देश
महराजगंज। जिले के परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2026-27 की अर्धवार्षिक परीक्षा 17 नवंबर से तय कर दी गई है। जिन स्कूलों में पाठ्यक्रम अधूरा है, उन्हें 15 नवंबर तक हर हाल में कोर्स पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
बेसिक शिक्षा परिषद ने कक्षा एक से आठ तक का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके अनुसार कक्षा एक के बच्चों की सिर्फ मौखिक परीक्षा होगी, जबकि कक्षा दो से पांच तक के बच्चों की लिखित और मौखिक दोनों तरह की परीक्षा ली जाएगी। कक्षा छह से आठ तक के छात्रों की सिर्फ लिखित परीक्षा होगी। परीक्षा में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विषय, संस्कृत और पर्यावरण समेत सभी विषय शामिल होंगे।
विज्ञापन
जिले में लगभग 1500 परिषदीय विद्यालय हैं, जिनमें करीब दो लाख बच्चों का नामांकन है। इन सभी विद्यालयों में एक साथ परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए जनपद स्तर पर मॉडल प्रश्नपत्र तैयार किए जाएंगे और समय से मुद्रण कर विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने 15 नवंबर तक शत-प्रतिशत पाठ्यक्रम पूरा करने का निर्देश पत्र जारी किया है।
बोले अधिकारी
अर्धवार्षिक परीक्षा को 17 नवंबर से शुरू करना है। सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापक को निर्देश हैं कि 15 नवंबर तक आधा पाठ्यक्रम पूर्ण करें जिससे परीक्षा में विद्यार्थियों को असुविधा न होने पाए।
- सुरजीत कुमार सिंह, बीएसए

