कानपुर में 24 घंटे में 2 डिग्री गिरा पारा:अगले 3-4 दिन में बढ़ेगी ठंड, उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने के आसार
कानपुर में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। बीते 24 घंटे में दिन और रात का तापमान करीब 2 डिग्री गिर गया। मंगलवार सुबह सर्द हवाओं से ठंडक महसूस हो रही है। आसमान साफ रहने से दोपहर में तेज धूप निकलेगी। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने पर दिन के तापमान में भी गिरावट आ सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले 3 से 4 दिनों में ठंड और बढ़ेगी। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। नवंबर के आखिरी दिनों में मौसमी सिस्टम बनने से तापमान दोबारा बढ़ सकता है।
हवाएं ठंडक का एहसास कराएंगी
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अभी हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्वी बनी हुई है। उत्तर-पश्चिमी हवाएं पहाड़ों से होकर कानपुर पहुंचेंगी तो तापमान में गिरावट आएगी। अगले तीन से चार दिनों तक रात के साथ दिन के तापमान में भी कमी दर्ज की जा सकती है। इससे दोपहर की गर्मी कम होगी और हल्की हवा भी ठंड का एहसास कराएगी।
उन्होंने बताया कि नवंबर के आखिरी दिनों में बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में दो मौसमी सिस्टम बनने के संकेत हैं। इनके प्रभाव से तापमान में दोबारा बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल सर्दी क्रमिक रूप से बढ़ने के आसार हैं।
सोमवार को गिरा रात का पारा
सीएसए की ओर से सोमवार को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह हल्की ठंडक रही, जबकि दोपहर में तेज धूप से गर्मी का एहसास हुआ। शाम को सर्द हवाओं ने एक बार फिर मौसम में ठंडक बढ़ा दी।

