68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को जल्द न्याय मिलने की उम्मीद, 73 दिनों से ईको गार्डन में धरना जारी
लखनऊ। 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। लखनऊ के ईको गार्डन में पिछले 73 दिनों से धरना दे रहे अभ्यर्थियों को अब जल्द न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
धरना स्थल पर पहुंचे राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। अभ्यर्थियों ने उनसे आरक्षण विसंगति का समाधान कराकर जल्द न्याय दिलाने की मांग की।
धरने का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी पिछले आठ वर्षों से आरक्षण विसंगति दूर कराने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनका कहना है कि राज्य और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेशों के अनुसार ओबीसी अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ देकर परिणाम संशोधित किया जाना चाहिए।
अभ्यर्थियों की मांग है कि आरक्षण व्यवस्था के तहत ओबीसी, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को भी नियमानुसार आरक्षण का लाभ दिया जाए।
इस आंदोलन में नवीन चौधरी भी शामिल हैं। अभ्यर्थियों का दावा है कि उनकी मांगों को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पंकज चौधरी ने भी कहा कि मामला लंबे समय से लंबित है और न्याय मिलने की प्रतीक्षा की जा रही है।
अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई है कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
