होली पर चार,दिवाली पर तीन दिन छुट्टी ● यूपी सरकार ने जारी किया छुट्टियों का कैलेंडर ● चुनावी वर्ष में तीन नए सार्वजनिक अवकाश, देखें
यूपी सरकार ने वर्ष 2027 में पड़ने वाली छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है। पांच दिवसीय सप्ताहिक कार्य वाले कार्यालय में होली पर चार दिन की छुट्टी मिलेगी, जबकि दीपावली पर तीन दिन की छुट्टी एक साथ मिलेगी।
सरकार ने मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और वाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है, पहले ये निर्बंधित अवकाश की श्रेणी में थे।
होली दहन 22 मार्च सोमवार को होगा और होली का रंग 23 मार्च मंगलवार को खेला जाएगा। ऐसे में पांच दिन के कार्यदिवस वाले सरकारी कार्यालयों में शनिवार से मंगलवार तक यानी चार दिन की छुट्टी रहेगी। इसी तरह 29 अक्तूबर 2027 में दीपावली शुक्रवार को होगी और गोवर्धन पूजा 30 अक्तूबर शनिवार को होगी। ऐसे में सरकारी कर्मचारियों को रविवार को मिलाकर तीन दिन की छुट्टी मिलेगी। संत रविदास जयंती (20 फरवरी), महाशिवरात्रि (6 मार्च), महात्मा गांधी जयंती (2 अक्तूबर), विजयदशमी (9 अक्तूबर), गोवर्धन पूजा (30 अक्तूबर) और क्रिसमस डे (25 दिसंबर) की छुट्टियां शनिवार को हैं। वहीं, स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त), भैयादूज (31 अक्तूबर), गुरु नानक जयंती (14 नवंबर) और हजरत अली का जन्म दिवस (12 दिसंबर) पर अवकाश रविवार को पड़ रहे हैं। कैलेंडर जारी करते हुए कहा गया है कि विभागाध्यक्ष कार्यालयों और अन्य विभागों में जहां पांच दिवसीय सप्ताह लागू है, वहां घोषित अवकाश और डीएम द्वारा घोषित स्थानीय अवकाश लागू नहीं होंगे।

