Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, November 18, 2026

सोना-चांदी साल के सबसे निचले स्तर पर, खरीदारी तेज हुई

 सोना-चांदी साल के सबसे निचले स्तर पर, खरीदारी तेज हुई

 सराफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों


में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है। इससे शादी वाले परिवारों के चेहरों पर रौनक लौट आई है। मंगलवार को सोना लुढ़ककर 1.39 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया, वहीं चांदी का भाव गिरकर 1.76 लाख रुपये प्रति किलो रह गया।




सराफा कारोबारियों के मुताबिक इस वर्ष मार्च में सोना 1,82,003 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया था, जो अब गिरकर अपने साल के न्यूनतम स्तर के करीब आ गया है। इसी तरह मई महीने में 3,05,743 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर को छूने वाली चांदी भी अब 1.76 लाख रुपये के निचले स्तर पर कारोबार कर रही है। उच्चतम स्तर से तुलना करें तो सोना करीब 43 हजार रुपये और चांदी लगभग 1.30 लाख रुपये तक सस्ती हो चुकी है।


कीमतों में आई इस नरमी ने उन परिवारों का बजट संभाल दिया है, जिनके घरों में आगामी दिनों में शहनाइयां बजने वाली हैं। चौक सराफा एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आदिश जैन व महामंत्री विनोद माहेश्वरी ने बताया कि सोने और चांदी दोनों के ही भाव इस साल के सबसे न्यूनतम स्तर पर हैं। जिन परिवारों में शादी-विवाह के कार्यक्रम तय हैं, उनके लिए आभूषणों की खरीदारी और एडवांस बुकिंग करने का यह सुनहरा अवसर है।


वहीं इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (इब्जा) के नॉर्थ इंडिया हेड अनुराग रस्तोगी ने इस गिरावट के पीछे दो प्रमुख कारण बताए हैं। पहला, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिकी डॉलर की मजबूती जिससे अन्य मुद्राओं में सोना महंगा हुआ और वैश्विक निवेशकों ने इससे दूरी बनाई। दूसरा पिछले महीनों में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद बड़े निवेशकों द्वारा की गई जमकर मुनाफावसूली। बाजार में बिकवाली हावी होने से भाव नीचे आए हैं और वैश्विक संकेत स्थिर होने तक यह नरमी बनी रह सकती है।


सोना-चांदी साल के सबसे निचले स्तर पर, खरीदारी तेज हुई Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link