टनकपुर ( चंपावत ) : सभी जिलों में प्राथमिक शिक्षक भर्ती नहीं होने पर डीएलएड प्रशिक्षितों ने अक्रोश जताया है। उन्होंने शिक्षा अधिकारियों को सचिव के आदेश की अवहेलना का आरोप लगाते हुए जल्द भर्ती की विज्ञप्ति करने की मांग उठाई है।
डाइट डीएलएड प्रशिक्षितों की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर शिक्षा मंत्री ने 3 साल से रिक्त पड़े प्राथमिक शिक्षक के पदों पर भर्ती शुरू करने का आदेश दिया था। शिक्षा सचिव और शिक्षा निदेशक प्रारंभिक ने भी 20 नवंबर से शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती के आदेश दिए थे। प्रदेश के 6 जिलों में भर्ती की प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी है लेकिन 7 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक की ओर से अभी तक विज्ञप्ति जारी नहीं की गई है। डाइट डीएलएड संघ के जिला अध्यक्ष कनिष्क राज ठाकुर ने कहा कि शिक्षा मंत्री की घोषण पर देहरादून में चल रहा आंदोलन समाप्त किया गया था। इससे पूर्व में आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को भी दोबारा से आवेदन करने हेतु बाध्य होना पड़ रहा है। उन्होंने वर्तमान प्राथमिक शिक्षक भर्ती में नियुक्ति हेतु राज्य स्तरीय काउंसलिंग आयोजित कराने की भी मांग की थी। बैठक में अरविंद शर्मा मनोज कलोनी मयंक, शुभम पंत आदि मौजूद थे।

