प्रयागराज। सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2019 के तहत सहायक अभियंता के पदों पर औपबंधिक रूप से चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्त अटकी हुई है। परीक्षा परिणाम जारी हुए पांच महीने बीत चुके हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने एक सप्ताह पहले औपबंधिक रूप से चयनित अभ्यर्थियों की फाइलें शासन को भेजी हैं। नियुक्ति की संस्तुति के बाद अब चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण और पुलिस वैरिफिकेशन होगा। इसके बाद ज्वाइनिंग मिलेगी।
आयोग ने 13 अगस्त से सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2021 के तहत सहायक अभियंता के 281 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू की है। वहीं, सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2019 के तहत सहायक अभियंता के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति नहीं मिल सकी है। आयोग ने सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2019 का परिणाम इस साल 26 मार्च को जारी किया था।

