प्रयागराज। जाति प्रमाणपत्र में फर्जीवाड़ा करने के आरोप में सीएमपी डिग्री कॉलेज में विधि विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सत्यवान नायक को कॉलेज की गवर्निंग बॉडी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। हालांकि डीन कॉलेज डेवलपमेंट की ओर से असिस्टेंट प्रोफेसर को बर्खास्त करने और वेतन की रिकवरी करने की संस्तुति पहले ही कॉलेज को भेजी चुका है। असिस्टेंट प्रोफेसर अगर 10 दिनों के भीतर गवर्निंग बॉडी के समक्ष संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं तो उन्हें बर्खास्त कर दिया जाएगा।
असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सत्यवान नायक के खिलाफ डॉ. अंबेडकर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रामबृज गौतम ने कॉलेज में शिकायत दर्ज कराई थी कि डॉ. नायक का अनुसूचित जनजाति का प्रमाणपत्र फर्जी है। गोरखपुर के बांवगांव स्थित नेवरा गांवा के रहने वाले डॉ. नायक के खिलाफ कॉलेज प्रशासन ने जांच कराई, जिसमें पाया कि उनके पास वैध प्रमाणपत्र नहीं है। इस पर कॉलेज प्रशासन ने उन्हें निलंबित कर दिया था कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने इस मामले में डीन कालेज एंड डेवलपमेंट प्रो. पंकज कुमार को कार्रवाई के निर्देश दिए। डीन ने कॉलेज को संस्तुति भेजी कि डॉ. नायक को बर्खास्त किया जाए और अब तक उन्हें दिए गए वेतन की वसूली की जाए। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि डॉ. नायक को गवर्निंग बॉडी ने कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 10 दिनों में जवाब मांगा है। अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो बर्खास्तगी होगी और वेतन की वसूली की जाएगी।

