सड़क पर बैठकर की नारेबाजी, पुलिस व प्रदर्शनकारियों में हुई धक्कामुक्की
लखनऊ। बेसिक शिक्षक भर्ती 2016 के बचे 12460 पदों को भरने की मांग को लेकर सोमवार दोपहर अभ्यर्थियों ने भाजपा दफ्तर का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की। अभ्यर्थियों को हटाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जबरन बस में लाद कर ईको गार्डन भेज दिया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर मारपीट भी आरोप लगाया है। का प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर रहे सत्यप्रकाश मधुकर ने कहा कि पुलिस ने अभ्यर्थियों को घसीट-घसीटकर बसों में लादा और मारपीट की। इससे अंकुर, सोनम, मुन्नी सहित उनके कई साथी चोटिल हुए हैं। मधुकर ने बताया कि वर्ष 2016 में शिक्षकों के 12460 पदों पर भर्ती का विज्ञापन निकाला गया था। लेकिन 2017 में नई सरकार बनी तो इस पर रोक लगा दी गई। तब से भर्ती प्रक्रिया अटकी है। उन्होंने सरका से भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की मांग की है।
