प्रतापगढ़ राज्य विश्वविद्यालय द्वारा प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए बनाई गई परीक्षकों की सूची में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। ऐसे भी शिक्षक को परीक्षक बना दिया गया है, जिनको मृत्यु हो चुकी है। वही कुछ विषयों में दूसरे विषय के शिक्षकों को परीक्षक नियुक्त कर दिया गया है।
प्रो. राजेंद्र सिंह रज्जू भैया विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक प्रथम वर्ष की परीक्षाएं मई माह में कराई गई थी। इसके बाद विश्वविद्यालय ने प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराने के लिए कॉलेजों से शिक्षकों की सूची मांगी थी। अब विवि ने परीक्षकों की सूची तैयार कॉलेजों को भेजी है।
परीक्षकों की सूची में भारी गड़बड़ियां सामने आई हैं। एनएएस डिग्री कॉलेज शेखपुर कुंडा के शिक्षक सफदर हुसैन के मुताबिक, उनके कॉलेज में बीएससी रसायन विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए अभिषेक श्रीवास्तव को परीक्षक नियुक्त किया गया है। तीन माह पहले उनका निधन हो चुका है। शिक्षाशास्त्र विषय की प्रायोगिक परीक्षा के लिए आर्ट और पेंटिंग की शिक्षिका डॉ. संगीता गौतम को परीक्षक बना दिया गया है। मामले की शिकायत विश्वविद्यालय प्रशासन से की गई है, लेकिन अभी तक सुधार नहीं हो सका है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी की परीक्षकों की सूची में दर्ज मोबाइल नंबर भी बंद हैं। जिसकी वजह से परीक्षकों से बात नहीं हो पा रही है। कुछ कॉलेजों का आरोप है कि कम छात्र संख्या वाले कॉलेजों को प्रायोगिक परीक्षा का केंद्र बना दिया गया।
.jpg)
