ललितपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आजादपुरा स्थित एक स्कूल के प्रबंधक से रंगदारी मांगने एवं बाड़ी में लगे गेट को तोड़ने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दो नामजद एवं आठ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेंट्रल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डीएस विवेक ने नायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि बीते 27 जुलाई को शाम छह बजे सुभाष शर्मा एवं उनका बेटा सुधांशु शर्मा के साथ आठ अज्ञात लोग आए और एक राय होकर उसके स्कूल की बाड़ी में लगे गेट को तोड़ने लगे। मना करने पर गालियां देने लगे और पचास हजार रुपये की मांग को स्कूल की क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से ईंट पत्थर मारने लगे और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। उसने इसकी शिकायत कोतवाली में दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिस पर उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। अब कोतवाली पुलिस ने उक्त मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद

