अयोध्या , न्याय पंचायत स्तर पर परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक से तीन तक के बच्चों को अब सभी विषयों में निपुण बनाया जाएगा। इसके लिए शिक्षक संकुल को जिम्मेदारी सौपी गई है। वह कमजोर बच्चों को चिह्नित कर उनकी शिक्षा में सुधार करेंगे।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि निपुण भारत योजना का लक्ष्य संख्यात्मक ज्ञान के साथ हर बच्चे के लिए शिक्षा का स्तर सुधारना है। जिससे शुरुआती दौर से ही बच्चे मजबूत हो सकें। इसमें कक्षा एक से तीन तक मातृभाषा, स्थानीय व क्षेत्रीय भाषा के अध्ययन के माध्यम से शिक्षा के सुधार पर बल दिया गया है। विद्यालयों में सभी स्तरों पर छात्रों को नियमित रूप से खेलकूद, योग, नृत्य व कलाओं का ज्ञान प्रदान करने का प्रयास किया जाता है। इस योजना के माध्यम से आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता अंकगणित के ज्ञान को छात्रों तक पहुंचाए जान का लक्ष्य है। निपुण योजना के माध्यम से सन 2026-27 तक प्रत्येक बच्चे को तीसरी कक्षा के अंत तक पढ़ने- लिखने व बुनियादी अंकगणित को सीखने की क्षमता प्रदान की जाएगी। इस योजना का कार्यान्वयन स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग की ओर से किया जाएगा।

