2800 शिक्षामित्रों को लग सकता है जून मानदेय का झटका
बहराइच, संवाददाता। बेसिक स्कूलों में कार्यरत शिक्षामित्रों को जून के मानदेय न मिलने का झटका लग सकता है। प्रचंड गर्मी को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियों को बढ़ा दिया गया था। हर साल जून में मिलने वाले 15 दिनों के मानदेय को छुट्टी में समायोजित करने की चर्चा है। हालांकि विभाग बजट मिलने पर ही शिक्षामित्रों को मानदेय मुहैय्या कराने का हवाला जरूर दे रहा है।
जिले में 2803 बेसिक स्कूलों का संचालन किया जा रहा है। इसमें 3300 के करीब शिक्षामित्र भी कार्यरत हैं, तो शिक्षकों के साथ बच्चों के शैक्षिक गतिविधियों को बेहतर करने में लगाए गए हैं। इनमें बेसिक शिक्षा अभियान के तहत 500 व सर्व शिक्षा अभियान से 2800 शिक्षामित्रों की तैनाती है। दोनों श्रेणियों के शिक्षामित्रों को अलग मदों से ही मानदेय मुहैय्या कराया जाता है। इन्हें ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद जून में 15 दिनों का मानदेय दिया जाता रहा है। इस बार भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार ने स्कूलों में 15 जून से छुट्टियों को बढ़ा दिया था, जो दो जुलाई तक रही। ऐसे में 15 दिन अवकाश बढ़ जाने से मानदेय पर संकट के मंडरा रहा है। अभी तक जून मानदेय के लिए बजट न मिलने की वजह दबी जुबान अधिकारी छुट्टी बढ़ने का ही हवाला दे रहे हैं। । हालांकि मानदेय को लेकर शिक्षामित्र लगातार अधिकारियों से जानकारी भी ले रहे हैं।

