बदायूं। ओमप्रकाश राजबाला इंटर कॉलेज दहगवां के शिक्षक की कार की चपेट में आकर टांग टूट गई और वह दूर तक घिसटते चले गए। इस मामले में शिक्षक के पिता ने अब बैंक के कनिष्ठ सहायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
घटना 14 दिसंबर की है। सहसवान कस्बे के मोहल्ला शहबाजपुर निवासी प्रसून माहेश्वरी ओमप्रकाश राजबाला इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। वह 14 दिसंबर की शाम करीब 3:30 बजे इंटर कॉलेज से घर लौट रहे थे। वह सवारी के इंतजार में दहगवां चौराहे पर खड़े थे। इसी दौरान सहसवान की ओर से तेज रफ्तार में आई कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। ऐसे में उनकी एक टांग कार के नीचे आकर कुचल गई और वह काफी दूर घिसटते हुए चले गए। ऐसे में मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने जैसे-तैसे कार को रुकवाया और चालक को पकड़ लिया। वहां एकत्र हुए लोगों ने तुरंत थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रसून को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से परिवार वाले उन्हें निजी अस्पताल ले गए। जानकारी लेने पर पता चला कि कार भारतीय स्टेट बैंक के कनिष्ठ सहायक उमेश प्रताप सिंह चला रहे थे। इस संबंध में अध्यापक के पिता आदेश बाबू गुप्ता ने अब कनिष्ठ सहायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। प्रसून का अब भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

