शाहजहांपुर। जिले के डिग्री कॉलेजाें में बायोमैट्रिक मशीन से छात्र-छात्राओं की हाजिरी लगनी शुरू हो गई है। शासन के निर्देश के बाद जीएफ कॉलेज के मुख्य गेट पर दो मशीनों को लगाया गया है। अन्य कॉलेजों में भी बायोमैट्रिक मशीन लगाई जाएंगीं।
डिग्री कॉलेजाें में छात्र-छात्राओं की हाजिरी अब तक रजिस्टर पर लगती थी। ऐसे में विद्यार्थी भी समय से पहले कॉलेज से चले जाते थे। तमाम छात्र कक्षाओं में आने के बजाय सीधे परीक्षा देने आते हैं। कक्षाओं में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति दर्ज कराने के लिए शासन के निर्देश पर बायोमैट्रिक मशीनों को लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद जीएफ कॉलेज के गेट पर दो कैम अटेंडेंस मशीनाें को लगाया गया है। मशीनों में आंख की रेटिना के जरिये हाजिरी लग रही है। बताते हैं कि 75 प्रतिशत उपस्थिति होने पर ही विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दिए जाने की तैयारी है। जीएफ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद तारिक ने बताया कि कॉलेज में करीब सात हजार विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें पांच हजार छात्रों का डाटा मशीनों में अपडेट करा दिया है। छात्रों के साथ शिक्षक भी कॉलेज छोड़कर नहीं जा सकेंगे। वे भी बायोमैट्रिक मशीन की जद में आएंगे। मशीन का डाटा भेजने के बाद ही शिक्षकों का वेतन जारी होगा। एसएस कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. अनुराग अग्रवाल बताते हैं कि शासन के निर्देश के बाद जिले के 51 महाविद्यालयों में बायोमैट्रिक मशीन को लगाया जाएगा।

