Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, March 6, 2024

पांच शिक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि, चार को कारण बताओ नोटिस जारी

 बीएसए ने मंगलवार को कौशाम्बी ब्लॉक क्षेत्र के चार स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। पांच शिक्षक स्कूल देरी से पहुंचे। सभी ने बीएसए के सामने ही पूर्व का समय दर्शाते हुए हस्ताक्षर कर दिया। इस पर इन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। इसी तरह अन्य लापरवाही पर प्रधानाध्यापकों समेत चार शिक्षकों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया।



बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे अचानक कंपोजिट विद्यालय रसूलपुर बड़गांव पहुंचे। सहायक अध्यापक अजय कुमार यादव, विनोद सिंह, विकास तिवारी, अमित कुमार सिंह, बुधराज सिंह बीएसए के सामने ही स्कूल पहुंचे। पांचों ने पूर्व का समय डालते हुए हस्ताक्षर किया। बीएसए ने इसे कर्मचारी आचरण सेवा नियमावली के विरुद्ध मानते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी।


प्राथमिक विद्यालय हिसामबाद में सहायक अध्यापक बेबी तसनीम 9.29 बजे विद्यालय पहुंची। वहीं, सहायक अध्यापक मनोज कुमार वर्मा ने एक दिन पहले का ही हस्ताक्षर बना रखा था। दोनों शिक्षकों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया। विद्यालय में पंजीकृत 155 के सापेक्ष 76 बच्चे ही उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापक लालजी यादव ने 29 फरवरी के बाद से लाॅकबुक में कुछ भी नहीं दर्ज किया था।

प्राथमिक विद्यालय दाई का पूरा में नामांकित 101 के सापेक्ष 68 बच्चे उपस्थित रहे। बीएसए ने कक्षाओं में जाकर कर बच्चों से हिंदी, गणित व अंग्रेजी विषय से जुड़े सवाल किए। बच्चों का शैक्षिक स्तर कमजोर मिला। कक्षाओं में अभी तक बोर्ड नहीं लगाया गया था। विद्यालय परिसर गंदा मिला।

इस पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा। कंपोजिट विद्यालय गुरौली निरीक्षण के दौरान गंदा मिला। स्कूल में फल व दूध का वितरण नियमित नहीं मिला। इस पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक हरि कीर्तन त्रिपाठी को भी नोटिस जारी कर दिया।

पांच शिक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि, चार को कारण बताओ नोटिस जारी Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link